शिवहर, सितंबर 17 -- माज कल्याण विभाग के तत्वावधान में स्थानीय गॉंधी भवन में गरीब, वंचित एवं दिव्यांगजनों के सहायतार्थ एक विशेष शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री श्वेता गुप्ता ने की। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और हाशिए पर खड़े लोगों को आत्मनिर्भर जीवन जीने में मदद कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना था।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह, उप विकास आयुक्त संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की सहायक निदेशक शुभांगी सिंह सहित जिला स्तरीय कई पदाधिकारी एवं जिला बीस सूत्री कमिटी के उपाध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित थे।

इस मौके पर मंत्री एवं उपस्थित वरीय पदाधिकारियों के हाथों विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ सीधे तौर पर लाभुकों के बीच बांटे गये।

मंत्री के द्वारा अन्नप्रासन कार्यकर्म में भाग लेते हुए एक बच्चे को अन्न ग्रहण कराया गया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा, ऐसे विशेष शिविरों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना और उन्हें समाज में एक सम्मानजनक और आत्मनिर्भर स्थान दिलाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित