चंडीगढ़ , अक्टूबर 01 -- हरियाणा की सभी ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को स्वच्छता दिवस मनाया जाएगा। विकास एवं पंचायत विभाग के निर्देशानुसार सुबह 11 बजे विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी।
आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहायता की जाएगी। जन योजना अभियान और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां भी ग्रामीणों के समक्ष रखी जाएंगी।
ग्राम सभाओं में ग्राम विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांवों में किए गए जनकल्याण और सेवा कार्यों की जानकारी दी जाएगी तथा आगामी कार्यों की प्राथमिकताएं ग्रामीणों के परामर्श से तय की जाएंगी।
'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों, सफाई मित्रों, स्वयं सहायता समूहों, युवा क्लबों, पुस्तकालय अधिकारियों, स्काउट्स एंड गाइड्स, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाकर गांव की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।
वहीं, पंचायती राज विभाग और विकसित भारत ग्राम-ग्राम-जी योजना के तहत गांवों की स्थानीय जरूरतों और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार कर ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित