अमृतसर , अक्टूबर 02 -- सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, अमृतसर ने शुक्रवार को एनसीसी की प्रथम पंजाब बटालियन के सहयोग से गांधी जयंती पर वार मेमोरियल में स्वच्छता अभियान आयोजित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया और श्रमदान से पहले आसपास का क्षेत्र स्वच्छ रखने की शपथ ली।
मुख्य स्वच्छता निरीक्षक अनिल डोगरा ने कहा कि धार्मिक ग्रंथों में वायु, जल और धरती के महत्व को रेखांकित किया गया है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने और पॉलीथीन का इस्तेमाल बंद कर कपड़े के थैले अपनाने की अपील की।
एनसीसी अधिकारी सुखपाल सिंह संधू ने कहा कि महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुरू किया गया स्वच्छता अभियान पिछले 12 वर्षों में एक बड़े जनांदोलन का रूप ले चुका है। मंत्रालय की अधिकारी निशा ने कहा कि देश को स्वच्छता और साफ-सफाई के लिए सरकार के साथ मिलकर नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। नगर निगम की स्वच्छता समन्वयक मनदीप कौर ने लोगों से प्लास्टिक कचरा सड़कों पर न फेंककर कूड़ेदान में डालने की अपील की।
कार्यक्रम के तहत वार मेमोरियल से इंडिया गेट तक जागरूकता रैली निकाली गयी। विद्यार्थियों और अन्य लोगों ने श्रमदान में हिस्सा लिया तथा प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और पुनर्चक्रण के बारे में जानकारी दी गयी।
इस अवसर पर आयोजित नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सैनिटरी इंस्पेक्टर दविंदर कुमार, नायब सूबेदार राजीव कुमार, हवलदार कुलविंदर सिंह और हवलदार कुलदीप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित