मोतिहारी , अक्टूबर 02 -- ांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर यहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और स्वच्छता, स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।श्री सिंह ने मोतिझील घाट और राजेंद्र बाल उद्यान में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को अभियान तक सीमित न रखकर जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत का लक्ष्य जनभागीदारी से ही हासिल किया जा सकता है।इसके बाद उन्होंने गांधी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि चंपारण गांधीजी के सत्याग्रह की ऐतिहासिक भूमि है। यहां किसानों की समस्याओं को लेकर सत्य और अहिंसा के माध्यम से किया गया संघर्ष स्वतंत्रता आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ।

श्री सिंह ने चरखा पार्क में महात्मा गांधी की सिलिकॉन प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि चरखा स्वावलंबन, श्रम और स्वदेशी का प्रतीक है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, किसानों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सम्मान समारोह में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है तथा नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है।

सांसद ने चरखा पार्क के निकट 'वोकल फॉर लोकल' स्टॉल का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से कारीगरों, महिलाओं, युवाओं और छोटे उद्यमियों को अवसर मिलेगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

श्री सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शास्त्री सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक थे। उनका 'जय जवान, जय किसान' का संदेश आज भी प्रासंगिक है।

श्री सिंह ने गांधी मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित