पटना,02अक्टूबर (वार्ता)राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पटना नगर निगम की ओर से श्री कृष्णपुरी पार्क में 'स्वच्छ भारत दिवस' मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सामुदायिक स्वच्छता कार्यक्रम में शहरवासियों, सफाईकर्मियों एवं निगम के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महात्मा गांधी के स्वच्छता एवं सेवा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना तथा स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ पटना के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।कार्यक्रम में महापौर श्रीमती सीता साहू, उप महापौर श्रीमती रेशमी कुमारी एवं नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने शहरवासियों और सफाईकर्मियों के साथ मिलकर पार्क परिसर में साफ-सफाई की और श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
जनप्रतिनिधियों एवं नगर आयुक्त की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
इस अवसर पर उपस्थित शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता शपथ ली। सभी ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने, सार्वजनिक स्थलों को गंदगी से मुक्त रखने तथा स्वच्छता के प्रति दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही, स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने और पटना को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया गया।
स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण भी किया गया।
महापौर, उप महापौर एवं नगर आयुक्त ने शहरवासियों के साथ मिलकर पौधे लगाए और हरित वातावरण के निर्माण का संदेश दिया। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित