अलवर , मई 03 -- राजस्थान में अलवर में गांधी चिंतन परिषद द्वारा सेवा संकल्प दिवस के अवसर पर रोटरी चेरिटेबल रक्त केंद्र में आयोजित सातवें वार्षिक रक्तदान शिविर में 61 रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

शिविर में पांच महिला रक्तदाताओं की भागीदारी भी रही।

परिषद के संस्थापक संयोजक मक्खन सिंह गुर्जर ने बताया कि ग्रीष्मकाल में रक्त की कमी को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष यह शिविर आयोजित किया जाता है, ताकि रक्त कोषों में पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।

उन्होंने बताया कि इस सेवा कार्य की शुरुआत तीन मई 2020 को कोविड-19 महामारी के दौरान पहले लॉकडाउन में की गई थी, जो अब निरंतर परंपरा के रूप में जारी है और इस वर्ष सातवां आयोजन रहा।

शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार राजेश रवि ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य बताया। शिविर संयोजक ओमप्रकाश शर्मा एवं सह-संयोजक रतन राजौरा के अनुसार रक्तदान से पहले सभी प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण रोटरी रक्त केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.एल. मधुकर द्वारा किया गया, जिसके बाद योग्य पाए गए रक्तदाताओं ने सुरक्षित रूप से रक्तदान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित