जयपुर , जनवरी 30 -- राजस्थान के जयपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को भारत सेवा संस्थान एवं जयपुर की गांधीवादी संस्थाओं द्वारा एक शांति एवं सद्भावना मार्च तथा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

शांति और सद्भावना मार्च सुबह दस बजे सेन्ट्रल पार्क के गेट संख्या तीन से शुरू होकर गांधी वाटिका पर पहुंच कर प्रार्थना सभा में परिवर्तित हो गया। सैंकड़ों की संख्या में स्काउट-गाइड, स्कूली बच्चे और नर्सिंग विद्यार्थियों के साथ आम नागरिकों ने मार्च और सभा में हिस्सेदारी कर राष्ट्रपिता याद के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प जताया।

प्रार्थना सभा के प्रारम्भ में भारत सेवा संस्थान के सचिव और राज्य के पूर्व महाधिवक्ता जी एस बापना ने कहा कि अन्य बातों के साथ आज हर तरह के प्रदूषणसे मुक्त खादी पहनना ही गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। इसमें समानता की भावना भी दिखती है। राजस्थान लोकसेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष बी एम शर्मा ने गांधी द्वारा अस्पृश्यता और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ किए संघर्ष को रेखांकित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित