अंबिकापुर, मार्च 14 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने एक नाबालिग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14 किलोग्राम अवैध गांजा, एक स्कॉर्पियो वाहन और मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 12 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आज मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन पर मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 14 मार्च को थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो में तीन-चार युवक बड़ी मात्रा में गांजा लेकर बासबाड़ी रोड पर ग्राहक की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख स्कॉर्पियो में सवार चार लोग वाहन छोड़कर बासबाड़ी के घेरे को फांदकर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन आरोपी घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि, मौके पर मौजूद एक नाबालिग को पुलिस ने दबोच लिया।

वाहन और नाबालिग की तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो की पिछली दोनों सीटों के बीच रखा एक प्लास्टिक का बोरा बरामद हुआ, जिसमें 14 किलोग्राम अवैध गांजा था। इस मादक पदार्थ की कीमत लगभग दो लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में पकड़े गए नाबालिग ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर यह गांजा लैलूंगा क्षेत्र से खरीदकर लाया था और अंबिकापुर में इसकी पुड़िया बनाकर बिक्री करने की योजना थी।

पुलिस ने नाबालिग के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये है, और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस प्रकार कुल बरामदगी का मूल्य 12 लाख 80 हजार रुपये है।

आरोपी नाबालिग के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित