ग्वालियर , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में गांजा खरीदने गए युवक और उसके साथी के साथ तस्करों द्वारा मारपीट कर गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रविवार रात करीब 11 बजे जनकगंज थाना क्षेत्र के साहिबा की बगिया, गोल पहाड़िया स्थित तिघरा रोड की है।

पुलिस के अनुसार नवगगह कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय लव्यांशु गुर्जर अपने मित्र अजय गुर्जर के साथ गांजा खरीदने साहिबा की बगिया गया था। वहां योगेश शिवहरे और राजीव शिवहरे के साथ गांजे के लेनदेन को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर योगेश और राजीव के साथ सोनू शिवहरे, आसिफ खान तथा शुभम नाई ने दोनों के साथ मारपीट की। इसी दौरान आरोपियों ने लव्यांशु पर गोली चला दी, जो उसके पेट में लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एक हजार बिस्तर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन सभी अपने घरों से फरार मिले।

घायल के पिता शिवा गुर्जर का आरोप है कि तीन आरोपी गांजा बेचने का काम करते हैं, जबकि आसिफ और शुभम अवैध शराब के कारोबार से जुड़े हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इसी थाना क्षेत्र में रविवार रात एक अन्य फायरिंग की घटना भी सामने आई। निम्बाजी की खोह निवासी मनोज झा के अनुसार रात करीब 10 बजे उसकी बहन चायना ने तबीयत खराब होने की बात कहकर उसे घर बुलाया था। मनोज अपने ताऊ के बेटे दिनेश झा के साथ बहन के घर पहुंचा था। दोनों घर के बाहर खड़े थे, तभी बाला यादव, बॉबी कुशवाह और बेटू बघेल दो मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे और घर के सामने शोर करने लगे।

मनोज और चायना ने उन्हें शोर नहीं करने के लिए कहा, जिस पर बाला यादव ने कथित तौर पर कट्टे से हवाई फायर कर दिया। इसके बाद बॉबी कुशवाह और बेटू बघेल ने मनोज के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित