रुद्रपुर , जुलाई 18 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 22.50 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए कहा कि मादक द्रव्य निरोधक बल (एएनटीएफ) और रूद्रपुर पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि एएनटीएफ के प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी और रुद्रपुर कोतवाल प्रकाश सिंह दानू के नेतृत्व में 17 जुलाई की रात जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान किरतपुर जाने वाले मार्ग की सर्विस लेन पर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 22.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुशील कुमार मूल निवासी ग्राम भिरारी, थाना चकमेसी, जिला समस्तीपुर (बिहार) तथा वर्तमान निवासी सरस्वती विहार कॉलोनी, भूरारानी, रुद्रपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद गांजा उसे उसके जीजा राकेश साहनी ने दिया था, जिसे रामपुर टोल प्लाजा से पहले एक व्यक्ति तक पहुंचाना था। पुलिस अब राकेश साहनी सहित इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
आरोपी के खिलाफ रुद्रपुर कोतवाली में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने के साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित