जयपुर , मई 20 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर श्रमिकों के प्रति उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसे अविलंब इनकी मांगों पर ध्यान देकर सकारात्मक हल निकालना चाहिए।
श्री गहलोत ने अपने बयान में कहा कि बाड़मेर में गिरल लिग्नाइट माइंस के मजदूरों का 38 दिन से धरना प्रदर्शन जारी है। विधायक रविन्द्र सिंह भाटी भी 15 दिनों से इन मजदूरों के साथ बैठे हैं, लेकिन न तो सरकार ने कोई वार्ता की और न ही प्रशासन ने ध्यान दिया। इस उदासीनता के कारण विधायक मजदूरों के साथ कलेक्ट्रेट कूच करने एवं अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेलने तक को मजबूर हुए।
उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में एक विधायक को अपनी मांगों पर ध्यानाकर्षण के लिए ऐसा कदम उठाना पड़ रहा है तो आम आदमी की स्थिति की कल्पना की जा सकती है। राज्य सरकार को अविलंब इनकी मांगों पर ध्यान देकर सकारात्मक हल निकालना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को बाड़मेर में गिरल लिग्नाइट माइंस श्रमिकों के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित