गहलोत के बयानों पर भजनलाल का पलटवार 'दृष्टि सही नहीं इसलिए नहीं दिख रहा राजस्थान का विकास'जयपुर , अगस्त 18 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा है कि उन्हें राजस्थान का विकास इसलिए नहीं दिखेगा, क्योंकि उनकी दृष्टि सही नहीं है।
श्री शर्मा ने मंगलवार को यहां ओटीएस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि आंखों पर चश्मा तो लगाया जा सकता है, लेकिन नकारात्मक दृष्टि नहीं बदली जा सकती।
मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस में दिल्ली हाईकमान के सामने पहले दो लोग 'नंबर एक' बनना चाहते थे, लेकिन अब चार लोग नंबर एक बनने की होड़ में हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता आने वाले समय में कांग्रेस की स्वार्थ की राजनीति, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार का मुंहतोड़ जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राज्य के युवा पेपर लीक की घटनाओं से परेशान थे, जबकि भाजपा सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के समय की गयी घोषणाओं में से 60 से 70 प्रतिशत से ज्यादा पूरी नहीं हो सकी थीं, जबकि हमारी सरकार अपनी प्रत्येक घोषणा को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलती थी और न ही पानी की आपूर्ति के लिए कोई ठोस पहल की गयी थी। आज राम जल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौते सहित अनेक विकास कार्य धरातल पर हो रहे हैं।
किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है, 1,89,000 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गयी हैं तथा किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। यह सब हालांकि अशोक गहलोत और कांग्रेस के नेताओं को दिखाई नहीं देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित