देहरादून , अक्टूबर 23 -- उत्तराखंड के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी का गुरुवार को भैया दूज के अवसर पर अपने विधानसभा क्षेत्र मसूरी के गल्जवाड़ी ग्राम पहुंचने पर पारंपरिक रीति से स्वागत किया गया।
श्री जोशी ने सभी बहनों को भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ''यह त्योहार भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के अटूट प्रेम और सुरक्षा के वचन का प्रतीक है। हमारी संस्कृति में परिवार के मूल्यों और रिश्तों की जो गहराई है, वही समाज को सशक्त बनाती है।'' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ आज हर बहन तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों भीषण आपदा के कारण क्षेत्र में कई परिवार प्रभावित हुए हैं। इसके चलते मैंने फैसला लिया कि इस वर्ष भाईदूज का त्यौहार प्रभावित क्षेत्र में अपने बहनों के साथ मनाऊं।
इस अवसर पर बहनों ने श्री जोशी की आरती उतारकर तिलक लगाया और उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने भी बहनों को उपहार स्वरूप मिठाई व उपहार भेंट किए। इस दौरान, कार्यक्रम आयोजन और पूर्व ग्राम प्रधान लीला शर्मा, भाजपा की मंडल महामंत्री किरण, पूर्व मंडल अध्यक्ष ज्योति कोटिया, शोभा अधिकारी, रेखा, मीरा, हरि कला, गंगा, चंद्र कला, रीता, गीता, शांति, हेमा, सपना, सीता, सावित्री और माया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाओं एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित