चंडीगढ़ , अप्रैल 04 -- पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में करनाल जिले की घरौंडा अनाज मंडी का दौरा कर व्यापारियों एवं किसानों की समस्यायें सुनी और सरकार की कृषि नीतियों की आलोचना की।

उन्होंने फसल खरीद व्यवस्था का जायजा लेते हुए किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से छोटे व्यापारी और आढ़ती कमजोर हो रहे हैं,जबकि किसानों पर अनावश्यक नियमों का बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है, ऐसे में सरकारी नीतियां उसकी परेशानियां और बढ़ा रही हैं।

मंडी में पोर्टल व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पोर्टल का शुरू होना अच्छी पहल है, लेकिन उसका सुचारु संचालन अधिक जरूरी है। उन्होंने कहा कि फसल तैयार होने के बाद भी किसानों को खरीद के लिए इंतजार करना पड़ता है और बारिश या ओलावृष्टि से फसल खराब होने का खतरा बना रहता है। लंबी कतारों और देरी से बिक्री के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित