जयपुर , मार्च 28 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में शनिवार को नगर निगम के आदर्श नगर जोन में स्थित पवित्र गलता पीठ कुण्ड पर स्वच्छता एवं जन-जागरूकता को समर्पित एक विशेष अभियान का आयोजन किया गया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार यह पहल धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण रही। कार्यक्रम के दौरान कुण्ड पर आने वाले श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ में उपयोग की गयी सामग्री फूल-माला, कपड़े, दीपक एवं अन्य धार्मिक अवशेष का उचित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया और उन्हें समझाया गया कि इन सामग्रियों को सीधे जल स्रोत में प्रवाहित करने से जल प्रदूषण बढ़ता है, जिससे पर्यावरण एवं स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

निगम की टीम द्वारा श्रद्धालुओं को स्वच्छता के महत्व, 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26' के उद्देश्यों के संदेश से अवगत कराया गया। इस दौरान नागरिकों ने इस पहल को न केवल सराहा बल्कि सक्रिय सहयोग देते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

इस अभियान की विशेष बात यह रही कि इसमें जनभागीदारी देखने को मिली, जिससे यह संदेश गया कि स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित