भरतपुर , अगस्त 15 -- राजस्थान में जल संसाधन एवं भरतपुर के प्रभारी मंत्री सुरेश रावत ने पिछले दिनों अलवर में सफाईकर्मियों की नियुक्ति के मामले में वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा के धरने पर बैठने के मामले में सफाई देते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भरतपुर आये श्री रावत ने पत्रकारों से बात करते कहा कि वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा गलत फहमी की वजह से धरने पर बैठ गये थे जिसका तुरंत समाधान कर दिया गया।
उन्होंने राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग के कोटे में कटौती के कांग्रेस के आरोप पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने समय पर कुछ किया नहीं। मुख्यमंत्री भजन लाल की पहल से जो हुआ ठीक हुआ। अगर कुछ कमियां रहीं तो, और दिखा लेंगे।
श्री रावत ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर राजस्थान की जनता को बरगलाने का आरोप लगाते कहा कि वह बिना सोचे समझे और बिना किसी तथ्यों के आधार पर अपनी बात कहते रहते हैं। कई बार उनको कहा कि तथ्यों के आधार पर वह बात करें जिससे विपक्ष की भूमिका के नाते सरकार के संज्ञान में कोई बात आये, लेकिन उसके बाद भी वह कोई बात गम्भीरता के साथ नहीं लेते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता सिर्फ उलटी सीधी बातें करते हैं। उनका काम जनता का ध्यान भटकाना है। उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। अब उन्हें चुनाव में जाना है। चुनाव में जाने के लिए जनता को बरगलाना उनकी पुरानी फितरत रही है। इसलिए वह आये दिन अनर्गल आरोप लगाते रहते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित