पटना. , जनवरी 19 -- बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार (राजग) के शासन में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही बच्चियां तक सुरक्षित नहीं हैं और सरकार गर्ल्स हॉस्टल कांड में आरोपियों को बचा रही है।
बिहार कांग्रेस ने आज राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ शंभू गर्ल्स हॉस्टल में कथित सामूहिक दुष्कर्म और संदिग्ध मौत को लेकर इनकम टैक्स पर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे श्री अल्लावारू ने कहा कि शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत की गंभीरता और आरोपियों के प्रति कार्रवाई की धीमी रफ्तार को लेकर सरकार और प्रशासन की भूमिका संदेहास्पद है। उन्होंने कहा कि राज्य में राजग शासन में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए निजी छात्रावासों में रहने वाली बच्चियां राजधानी तक में सुरक्षित नहीं हैं।
श्री अल्लावारू ने आरोप लगाया कि राजग सरकार में प्रत्येक राज्यों में महिलाओं और बच्चियों की स्थिति बदतर है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से हमेशा भय का माहौल बना रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जनता दल यूनाईटेड (जदयू) सरकार ने अपराधियों को संरक्षण दिया हुआ है और किसी भी बड़े वीभत्स कांड के बाद पुलिस प्रशासन को नियंत्रित कर कार्रवाई की रफ्तार प्रभावित करती है। राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के प्रति कांग्रेस गंभीर है और पार्टी बच्ची को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर लगातार जहानाबाद से लेकर पटना तक आंदोलित हैं।
बिहार कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि राज्य की सरकार में उप मुख्यमंत्री और गृह विभाग की जिम्मेदारी देखने वाले सम्राट चौधरी केवल मीडिया में कानून व्यवस्था और बुलडोजर एक्शन को लेकर बयानबाजी करते रहते हैं लेकिन हकीकत यह है कि राज्य की राजधानी पटना ही महिलाओं और बच्चियों के लिए सुरक्षित नहीं है तो और जिलों का हाल भगवान भरोसे ही है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि राजधानी पटना के पॉश इलाके में इतनी बड़ी घटना हो गयी है लेकिन राजग शासन की पुलिस अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी तक नहीं कर पाई है। उन्होंने इस मामले में हॉस्टल संचालक अग्रवाल दंपत्ति और उनके बेटे की गिरफ्तारी नहीं होने पर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में अस्पताल प्रशासन और डॉक्टर ने साक्ष्य मिटाने और आपराधिक छेड़छाड़ की कोशिश की, फिर भी उसमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने पूछा अस्पताल को अब तक सील क्यों नहीं किया गया, यह सभी सवाल अनुत्तरित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में राजग शासन काल में सूबे की महिलाओं बच्चियों और आम नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। अपराधी निर्भीक होकर कांड कर आराम से भूमिगत होकर मामले को मैनेज कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित