मऊ , मई 23 -- उत्तर भारत में जहां एक ओर भीषण गर्मी, लू और हीटवेव से जनजीवन प्रभावित है, वहीं प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के गृह जनपद मऊ में लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा विशेष पहल की जा रही है। नगर पालिका परिषद मऊ द्वारा शहर की प्रमुख सड़कों और गलियों में स्प्रिंकलर सिस्टम (फव्वारा प्रणाली) के माध्यम से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच यह व्यवस्था लोगों के लिए काफी राहतभरी साबित हो रही है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरशद जमाल तथा अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि लगभग 50 लाख रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक स्प्रिंकलर सिस्टम नगर पालिका में लाया गया है। इसके माध्यम से तय रोस्टर के अनुसार नगर की सड़कों और गलियों में नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस प्रणाली से न केवल वातावरण में ठंडक बनी रहती है, बल्कि धूल और गर्द-गुबार पर भी नियंत्रण हो रहा है। साथ ही सार्वजनिक स्थलों और सड़क डिवाइडरों के बीच लगे पेड़-पौधों पर भी पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे हरियाली को भी लाभ मिल रहा है।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार गर्मी और लू से बचाव के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर वाटर बूथ भी स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पानी की फुहारों के जरिए वायु प्रदूषण कम करने और लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित