बिलासपुर , अप्रैल 23 -- रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए खास इंतजाम किए हैं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन से इस बार 18 समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों का संचालन 15 अप्रैल से शुरू हो चुका है और यह 15 जुलाई तक जारी रहेगा। इस दौरान ये ट्रेनें कुल 88 फेरे लगाएंगी।

रेलवे के अनुसार बिलासपुर जोन से 18 स्पेशल ट्रेनों में से 13 ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है, जबकि बाकी ट्रेनें जल्द ही चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी। ये ट्रेनें देश के प्रमुख शहरों के बीच चलाई जाएंगी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

पूरे देश में भारतीय रेलवे ने गर्मी के मौसम के लिए 908 समर स्पेशल ट्रेनों को मंजूरी दी है। ये ट्रेनें 15 अप्रैल से 15 जुलाई के बीच कुल 18,262 फेरे लगाकर अतिरिक्त भीड़ को संभालेंगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, इतवारी, रायगढ़ और शहडोल पर भी खास व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं, पेयजल की बेहतर व्यवस्था की गई है, प्रतीक्षालयों को सुधारा गया है और साफ-सफाई व सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

रेलवे का कहना है कि इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से ट्रेनों में भीड़ कम होगी, प्रतीक्षा सूची घटेगी और यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना पहले से ज्यादा बढ़ेगी। इससे सफर भी पहले के मुकाबले ज्यादा आरामदायक हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित