जयपुर , मई 13 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गर्मी के मौसम के मद्देनजर प्रदेश में पेयजल एवं बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

श्री शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पानी और बिजली आपूर्ति को लेकर आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में शिकायतें प्राप्त होने पर संबंधित जिला कलक्टर एवं विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी।

उन्होंने सभी जिला कलक्टर नियमित रूप से पानी-बिजली आपूर्ति को लेकर साप्ताहिक बैठकें कर निरंतर मॉनिटरिंग करने एवं संबंधित शिकायतों का विभागीय अधिकारी प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान आमजन को राहत पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई, पेयजल एवं आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित