आरा, जून 21 -- िन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि गरीब चौपाल यात्रा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और विकास पहुँचाने का अभियान है।हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) द्वारा संचालित गरीब चौपाल यात्रा के तहत आज भोजपुर जिला मुख्यालय आरा स्थित नागरिक प्रचारिणी सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बड़ी संख्या में उपस्थित आमजनों, कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना।
इस अवसर पर डॉ. सुमन ने कहा कि गरीब चौपाल यात्रा का उद्देश्य केवल लोगों की समस्याएँ सुनना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मानना है कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के सम्मान और भागीदारी में निहित है। इसी सोच के साथ हम गाँव-गाँव और शहर-शहर जाकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।
श्री सुमन ने कहा कि गरीब, वंचित, शोषित, किसान, मजदूर, युवा एवं महिलाओं की समस्याओं को समझना तथा उनके समाधान के लिए संघर्ष करना हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) की प्राथमिकता है। यात्रा के दौरान प्राप्त प्रत्येक आवेदन और शिकायत पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाता है तथा संबंधित स्तर पर उसके समाधान का प्रयास किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएँ पार्टी के समक्ष रखें। आवश्यकता पड़ने पर पार्टी उनके अधिकारों की लड़ाई भी पूरी मजबूती से लड़ेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित