मथुरा , अक्टूबर 08 -- पंडित दीनदयाल धाम में आयोजित वार्षिक मेले में पहुंचे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि गरीब, किसान, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एकात्म मानव दर्शन और अंत्योदय की विचारधारा ही सरकार की सभी नीतियों एवं योजनाओं का मूल आधार है।

स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा में ऐतिहासिक विस्तार स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुरक्षा दी जा रही है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों के विस्तार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2026-27 के बजट दस्तावेजों के अनुसार राज्य में वर्तमान में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें 45 सरकारी और 36 निजी क्षेत्र के हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर उस जिले तक मेडिकल कॉलेज पहुंचाना है जहां अभी यह सुविधा नहीं है।

नकारात्मकता से दूर रहकर अंत्योदय के पथ पर बढ़ने का आह्वान बृजेश पाठक ने कहा कि समाज में कुछ तत्वों द्वारा नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता को पंडित जी के सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज देश के करोड़ों युवा और महिलाएं सीधे विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री ने मेले में आए श्रद्धालुओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया और संकल्प जताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें धरातल पर उतारने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित