सिरसा , अगस्त 23 -- सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर गरीब, मजदूर और किसानों के अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
सिरसा के नेजाडेला, रामपुरा बिश्नोईयां और डबवाली में आयोजित सामाजिक कार्यक्रमों में पहुंचीं सुश्री सैलजा ने कहा कि सरकार की नीतियों से गरीब और किसानों की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने वर्ष 2005 में मनरेगा कानून बनाकर ग्रामीण परिवारों को रोजगार का कानूनी अधिकार दिया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी नयी ग्रामीण रोजगार व्यवस्था में गरीबों के काम मांगने और समय पर रोजगार पाने के अधिकार से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
सफाई कर्मचारियों के आंदोलन पर सुश्री सैलजा ने कहा कि सफाई, सीवर और अग्निशमन कर्मचारी बुनियादी सेवाओं की रीढ़ हैं। सरकार को कर्मचारियों से टकराव का रास्ता चुनने के बजाय बातचीत के जरिये उनकी उचित मांगों का समाधान करना चाहिए।
फसल बीमा योजना पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को बीमा कंपनी, नुकसान की सूचना देने की प्रक्रिया, सर्वे और मुआवजे की स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।
प्रत्येक जिले में संबंधित कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि फसल नुकसान का सर्वे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा हो सके और मुआवजा सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित