गरियाबंद , अक्टूबर 05 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए यात्री बसों से 91 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख 79 हजार 600 रुपये बताई गई है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई महेश बस में की गई। तलाशी के दौरान चावल की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया 67 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 33 लाख 90 हजार रुपये है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए गांजे को चावल की बोरियों के बीच छिपाकर रखा था।

दूसरी कार्रवाई शारदा बस में की गई, जहां एक आरोपी के कब्जे से 23 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।

दोनों मामलों में पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

इसके साथ ही अंतरराज्यीय तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित