गरियाबंद , मार्च 25 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 63 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के कच्चे हीरों के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

यह जानकारी आज पुलिस ने दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से कुल 34 नग बिना तराशे हीरे बरामद किए गए हैं, जिनका कुल वजन लगभग 127 कैरेट बताया जा रहा है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति नहरगांव स्कूल के पास घूम-घूमकर कीमती पत्थरों के खरीदार तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से 34 नग कच्चे हीरे बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में माइनिंग विभाग के अधिकारियों ने भी इन पत्थरों को बहुमूल्य हीरा होने की पुष्टि की है। हालांकि अंतिम पुष्टि के लिए इन्हें प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजा जाएगा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंशी शेट्टी (50) के रूप में हुई है, जो उड़ीसा के कालाहांडी जिले के भवानीपटना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी इन हीरों को अवैध रूप से बेचने की फिराक में था।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच शुरू कर दी है कि हीरे कहां से लाए गए तथा इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित