गरियाबंद , सितंबर 09 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद शहर में शराब दुकान के पास दो युवकों के बीच विवाद में बीच-बचाव करने गए एक युवक पर कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।

पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार मामला बीती देर शाम शहर के वार्ड क्रमांक आठ डाक बंगला क्षेत्र का है। घायल दिनेश देवबंशी ने बताया कि वह शराब दुकान की ओर गया था, जहां सोनू ध्रुव और सोनू खान के बीच विवाद हो रहा था। उसने दोनों के बीच बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया और अपनी मोटरसाइकिल से उन्हें घर छोड़ने गया।

आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने दिनेश से दोबारा शराब दुकान छोड़ने अथवा उनके साथ चलने को कहा। दिनेश के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में घायल दिनेश को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चाकू से हमला किसने किया और घटना में दोनों युवकों की क्या भूमिका रही। दोनों युवकों के आदतन अपराधी होने संबंधी जानकारी की भी पुलिस स्तर पर पुष्टि की जा रही है।

घटना के बाद शराब दुकान के आसपास सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल घायल युवक का रायपुर में उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित