गरियाबंद , सितंबर 25 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग और अमलीपदर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जारी भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई गांवों में घरों में पानी घुस गया है, जबकि हजारों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न होने से फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। नदी-नालों के उफान पर आने के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर भी पानी चढ़ने लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवभोग और अमलीपदर तहसील के कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कुछ स्थानों पर घरों में पानी घुसने के बाद ग्रामीणों को रात में ही घरेलू सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। खेतों में बड़ी मात्रा में पानी भरने से धान सहित अन्य फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।
क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज किए जाने की जानकारी है। भारी बारिश के कारण तेल नदी, सुख तेल नदी और विभिन्न बरसाती नाले उफान पर हैं। बेलाट नाले का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है।
इधर, सिकासार बांध में जलभराव करीब 87 प्रतिशत तक पहुंचने की जानकारी है और बांध से लगभग 15 हजार 500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने त्रैमासिक परीक्षाएं भी स्थगित कर दी हैं।
बारिश का असर राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर भी पड़ने लगा है। पंटोरा के पास सड़क पर पानी चढ़ रहा है। बारिश और जलस्तर में वृद्धि जारी रहने की स्थिति में इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित