गरियाबंद , अप्रैल 30 -- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम में गरियाबंद जिले के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। जिले में कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 92.89 प्रतिशत तथा कक्षा 10वीं का 84.16 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

जिला प्रशासन की 'गौरव गरियाबंद' पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले वर्ष की तुलना में कक्षा 12वीं के परिणाम में 3 प्रतिशत और कक्षा 10वीं में 4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कक्षा 12वीं के परिणाम में जिले ने राज्य स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया है, जबकि कक्षा 10वीं में 14वां स्थान प्राप्त हुआ है।

कलेक्टर बी.एस. उइके ने टॉपर विद्यार्थियों का सम्मान करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षा विभाग को बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार कक्षा 12वीं में कुल 5506 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5473 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 3571 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी, 1473 द्वितीय श्रेणी और 32 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। 300 विद्यार्थियों को पूरक मिला, जबकि 88 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। कुल 5076 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की।

वहीं कक्षा 10वीं में 7408 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7287 परीक्षा में शामिल हुए। घोषित परिणाम में 7263 विद्यार्थियों को शामिल किया गया। इनमें 3716 प्रथम श्रेणी, 2286 द्वितीय श्रेणी और 111 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। 539 विद्यार्थियों को पूरक तथा 611 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। कुल 6113 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित