गरियाबंद, 28 फरवरी 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जिसका खुलासा शनिवार को पुलिस ने किया।

थाना मैनपुर क्षेत्र के ग्राम बडेगोबरा स्थित सांपसाटी जंगल/पहाड़ी इलाके में माओवादियों द्वारा डम्प कर रखे गए भारी मात्रा में नकदी, हथियार, आर्म्स-एम्यूनेशन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। यह संयुक्त कार्रवाई जिला पुलिस बल गरियाबंद की ई-30 ऑप्स टीम और डीआरजी जिला धमतरी द्वारा की गई।

पुलिस को यह सफलता आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से पूछताछ के दौरान मिली अहम सूचना के आधार पर प्राप्त हुई। पूछताछ में प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के शीर्ष नेताओं द्वारा उक्त क्षेत्र में डम्प छिपाकर रखने की जानकारी मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद 28 फरवरी 2026 को संयुक्त टीम को चिन्हित स्थान पर सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया।

सघन तलाशी के दौरान पहाड़ी क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से कुल 46,31,500 रुपये नगद राशि सहित 1 भरमार बंदूक, 33 भरमार राउंड, 1 सुरका रायफल, 32 बीजीएल सेल, 1 लैपटॉप, 2 मोबाइल फोन, 10 इंसास राउंड, 11 एसएलआर राउंड, 45 एके-47 राउंड, 41 .303 राउंड, 23 सिंगल शॉट राउंड, 26 (12 बोर) राउंड, 13 इलेक्ट्रॉनिक एवं 10 नॉन-इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और भारी मात्रा में नक्सली साहित्य व अन्य सामग्री बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, यह डम्प डीजीएन डिवीजन द्वारा छिपाकर रखा गया था। बरामदगी से क्षेत्र में भविष्य में संभावित माओवादी घटनाओं को विफल करने में बड़ी सफलता मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित