गरियाबंद , फरवरी 16 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम बडेगोबरा के सातमारी पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों द्वारा डम्प कर रखे गए हथियारों को पुलिस ने बरामद कर बड़ी सफलता प्राप्त की है, जिसका खुलासा पुलिस ने सोमवार को किया।

जिला पुलिस बल की ई-30 ऑप्स टीम ने सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान 02 नग एसएलआर, 01 नग इंसास राइफल, 01 नग 12 बोर बंदूक, 03 एसएलआर मैग्जिन, 01 इंसास मैग्जिन तथा 28 नग जिंदा एलएलआर कारतूस बरामद किए।

गौरतलब है कि, पुलिस को यह महत्वपूर्ण जानकारी जनवरी 2026 में गरियाबंद में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से गहन पूछताछ के बाद प्राप्त हुई थी। पूछताछ में प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के ओडिशा राज्य कमेटी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा उक्त क्षेत्र में ऑटोमैटिक हथियार डम्प करने का खुलासा हुआ था।

सूचना के आधार पर जिला मुख्यालय से ई-30 टीम को 16 फरवरी 2026 को मौके पर रवाना किया गया, जहां पहाड़ी क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। सर्च अभियान के दौरान पहाड़ियों में छिपाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से गरियाबंद क्षेत्र में संभावित नक्सली हिंसा की योजनाओं को प्रभावी रूप से विफल किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित