गरियाबंद , मई 08 -- ) छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शुक्रवार को बिजली की चपेट में आने और आग लगने से एक बाइक सवाल की मौके पर ही मौत हो गयी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दसपुर बांध के पास हुई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय यशवंत ध्रुव के रूप में हुई है, जो दसपुर गांव का निवासी था और तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार को जंगल से तेंदूपत्ता लेकर बाइक से घर लौट रहा था।

इसी दौरान रास्ते में एक बिजली का खंभा टूटकर झुका हुआ था, जिसकी 11 केवी (किलोवाट) हाईटेंशन लाइन का तार नीचे लटक रहा था। बाइक सवार यशवंत का संपर्क अचानक उस तार से हो गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट लगते ही बाइक में आग लग गई और कुछ ही पलों में लपटों ने विकराल रूप ले लिया। आग और करंट की चपेट में आने से यशवंत को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि खंभा टूटने और तार लटकने की स्थिति में किस स्तर पर लापरवाही हुई है। उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित