गरियाबंद , सितंबर 22 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के लोहारी ग्राम पंचायत अंतर्गत हाठ महुआ गांव में तेंदुए के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
वन विभाग से मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान उकरी बाई कमर (80) के रूप में हुई है। वह सोमवार देर रात शौच के लिए घर से बाहर निकलकर पास के खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों के पास मौजूद तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। महिला के शव को जिला अस्पताल गरियाबंद भेजा गया है।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में भय बना हुआ है। विशेषकर जंगल और खेतों से लगे इलाकों में रहने वाले लोग रात में बाहर निकलने से डर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित