गरियाबंद , मई 06 -- छत्तीसगढ़ में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए गए राज्य स्तरीय ''ऑपरेशन तलाश'' अभियान में गरियाबंद जिले ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
यह जानकारी आज पुलिस विभाग ने दी । इस दौरान गरियाबंद पुलिस ने एक माह के भीतर कुल 68 गुमशुदा लोगों को खोजकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एक अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित इस अभियान के तहत जिले में विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में राजपत्रित अधिकारियों और थाना स्तर की टीमों ने संयुक्त रूप से गुमशुदा बालक-बालिका, महिलाओं एवं पुरुषों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 47 महिलाओं, 14 पुरुषों और सात बालिकाओं सहित कुल 68 गुमशुदा व्यक्तियों को सुरक्षित बरामद किया। इन सभी को उनके परिजनों को सौंप दिया गया, जिससे कई परिवारों में खुशी लौट आई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई मामलों में गुमशुदा व्यक्तियों का पता अन्य जिलों और राज्यों से लगाया गया, जिसके लिए टीमों ने लगातार प्रयास किए। गरियाबंद पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश को प्राथमिकता दी जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर उन्हें सुरक्षित वापस लाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित