गरियाबंद , मार्च 21 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने थाना मैनपुर क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिसका खुलासा आज पुलिस ने किया ।
आरोपियों के कब्जे से कुल 18.575 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी कीमत लगभग नौ लाख 28 हजार 750 रुपये आंकी गई है, जब्त किया गया है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर मैनपुर पुलिस ने ग्राम झरियाबाहरा के पास नाका लगाकर एक पल्सर मोटरसाइकिल को रोका। जांच के दौरान वाहन में सवार दो आरोपियों सरजन कुमार विश्वकर्मा (20) निवासी राजगढ़ (मध्य प्रदेश) एवं दिलीप बारोड़ (45) निवासी इंदौर (मध्य प्रदेश)-के पास से 14.075 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई के तहत मैनपुरकला मोड़, बूढ़ा देव मंदिर के पास पुलिस ने एक अन्य पल्सर मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली, जिसमें आरोपी अंकुर (22) निवासी राजगढ़ (मध्य प्रदेश) के कब्जे से 4.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर मध्य प्रदेश ले जाने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित