हाजीपुर , मई 07 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश एवं सतत निगरानी में जिले में गरमा फसलों के लिए किसानों के बीच बीज वितरण कार्य तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है।
कृषि विभाग से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार अब तक जिले में निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 95.51 प्रतिशत बीजों का वितरण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। शेष बचा वितरण कार्य आगामी दो दिनों के भीतर पूर्ण कर लिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला पदाधिकारी द्वारा कृषि विभाग के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि बीज वितरण कार्य में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाया जाए। उन्होंने कहा कि गरमा फसलों की खेती किसानों की आय वृद्धि तथा कृषि उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, इसलिए पात्र किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड कृषि कार्यालय से किसानों के बीच बीज वितरण किया जा रहा है। साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, उन्नत खेती पद्धति एवं फसल प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी जा रही है ताकि बेहतर उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि बीज वितरण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा प्रतिदिन प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की कृषि हितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना प्रशासन की प्रतिबद्धता है।
जिला पदाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार अथवा प्रखंड कृषि कार्यालय से संपर्क कर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा गरमा फसलों की उन्नत खेती अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित