भोपाल , अक्टूबर 08 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गरबा आयोजनों में युवाओं को पार्टनर उपलब्ध कराने के नाम पर सोशल मीडिया पर प्रचारित कथित पैकेजों को लेकर हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने आपत्ति जताई है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने गुरुवार को पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर संबंधित संस्था और लोगों की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

श्री तिवारी ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर 500 से लेकर 6,500 रुपए तक के पैकेज के जरिए गरबा के लिए लड़का या लड़की पार्टनर उपलब्ध कराने का प्रचार किया जा रहा है। समिति ने आरोप लगाया कि इन पार्टनरों के पुलिस सत्यापन और संबंधित संस्था के पंजीयन को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। ज्ञापन में पार्टनर उपलब्ध कराने वाले लोगों की पहचान और पृष्ठभूमि की जांच की मांग की गई।

श्री तिवारी के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रचारित 6,500 रुपए के पैकेज में माथे पर चुंबन जैसी सुविधा का भी दावा किया गया है। समिति ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाने की मांग की है कि पैकेज का प्रचार कौन कर रहा है और इसके पीछे कौन लोग हैं।

उन्होंने कहा कि गरबा मां की आराधना का पर्व है, लेकिन इसके व्यवसायीकरण के साथ ऐसी गतिविधियां जुड़ रही हैं, जिन पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को गरबा आयोजनों में भेजने से पहले पार्टनर उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति या संस्था की विश्वसनीयता की जानकारी लें।

समिति के मुताबिक पुलिस कमिश्नर ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। समिति ने कहा कि गरबा आयोजनों के दौरान उसके कार्यकर्ता भी ऐसी गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित