पटना , अक्टूबर 26 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार कहा कि गया से थाईलैंड की सीधी हवाई कनेक्टिविटी शुरू होने से बिहार का अंतरराष्ट्रीय संपर्क मजबूत होगा। इससे राज्य को वैश्विक बाजार से जोड़ने, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा व्यापार और निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने में मदद मिलेगी।

श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में विमानन क्षेत्र का विकास राज्य की आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन और अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है और यह पहल उसी की एक कड़ी है।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज पटना स्थित संकल्प में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से गया से बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की नॉन-स्टॉप उड़ान को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस दौरान इंडिगो इंडिगो एयरलाइंस के प्रतिनिधि ने सांकेतिक तौर पर उड़ान का पहला बोर्डिंग पास मुख्यमंत्री को सौंपा।

श्री चौधरी ने कहा कि बिहार को अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों से जोड़ना विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। बेहतर हवाई संपर्क से राज्य के कारोबारियों, उद्यमियों और निवेशकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने में सुविधा होगी। इससे बिहार में निवेश की संभावनाओं को भी बल मिल सकता है। सरकार का प्रयास है कि राज्य में विमानन सुविधाओं का विस्तार हो और बिहार देश-विदेश के प्रमुख गंतव्यों से बेहतर ढंग से जुड़ सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित