पटना , जून 07 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गया शहर के समग्र विकास, जलनिकासी व्यवस्था, स्वच्छता तथा आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल देते हुए संबंधित विभागों को विभिन्न परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए हैं। डॉ. कुमार की अध्यक्षता में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, विभागीय प्रधान सचिव, गया नगर आयुक्त, बुडको के प्रबंध निदेशक तथा अन्य अधिकारियों के साथ गया शहर के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जलनिकासी व्यवस्था, गंगा जलापूर्ति योजना, पार्किंग, सड़क निर्माण, हरित विकास, पर्यटन अवसंरचना तथा नगर निगम की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में डॉ. कुमार ने गया शहर के ड्रेनेज सिस्टम को शीघ्र सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने फल्गु नदी में प्रदूषित जल के प्रवाह को रोकने के लिए सीवरेज लाइन और एसटीपी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए । साथ ही गंगा जलापूर्ति योजना के तहत शेष घरों तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सर्वेक्षण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा।उन्होंने विष्णुपद और बोधगया क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबलिंग, घाटों के चौड़ीकरण तथा दोनों धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के बीच बेहतर संपर्क विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गया और बोधगया विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र हैं, इसलिए यहां की आधारभूत सुविधाओं का विकास उच्च मानकों के अनुरूप होना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित