पटना , जुलाई 02 -- िहार के गया इंजीनियरिंग कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पांच वर्षीय पूर्णकालिक बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बी.आर्क.) पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।

विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से गुरुवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार नामांकन प्रक्रिया बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (बीसीईसीईबी) द्वारा यूजीईएसी-2026 (बी.आर्क.) के माध्यम से संचालित की जाएगी। प्रवेश के लिए वही अभ्यर्थी पात्र होंगे जिन्होंने जेईई (मेन)-2026 पेपर-द्वितीय में वैध स्कोर प्राप्त किया हो अथवा नाटा-2026 में उत्तीर्ण होकर वैध स्कोर हासिल किया हो। काउंसेलिंग एवं नामांकन प्रक्रिया ऑफलाइन आयोजित की जाएगी।

विज्ञप्ति के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण एक जुलाई से शुरू हो गया है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई को रात 10 बजे तक निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन शुल्क का भुगतान और अंतिम आवेदन 15 जुलाई को रात 11:59 बजे तक किया जा सकेगा। आवेदन में संशोधन के लिए 16 और 17 जुलाई को अवसर दिया जाएगा तथा 18 जुलाई को मेरिट सूची और रैंक कार्ड प्रकाशित किए जाएंगे। काउंसेलिंग की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

विभाग ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, काउंसेलिंग शुल्क तथा अन्य विस्तृत जानकारी बीसीईसीईबी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध यूजीईएसी-2026 (बी.आर्क.) प्रॉस्पेक्टस में देखी जा सकती है। विभाग ने पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित