गयाजी , अक्टूबर 24 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक गलियारे के अंतर्गत गया के डोभी प्रखंड में 1,670 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली मैन्युफैक्चरिंग सिटी परियोजना में लगभग 16,500 करोड़ रुपये के निवेश की क्षमता है और इससे करीब 1.10 लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
श्री चौधरी ने गया जिले के बोधगया स्थित वेलकम होटल बाय आईटीसी में बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड (बीआईएमसीजीएल) का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहा कि बिहार उद्योगों की स्थापना और निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है तथा निवेशकों को राज्य के प्रति अपनी सोच बदलकर यहां उपलब्ध औद्योगिक संभावनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड के लोगो का अनावरण किया और इसके वेब पोर्टल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 का कर्टेन रेजर समारोह भी आयोजित किया गया।
बिहार सरकार के उद्योग विभाग ने बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) और इन्वेस्ट बिहार के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित