गयाजी , मई 26 -- बिहार के गयाजी जिले में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती और आपूर्ति में अनियमितता को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विद्युत विभाग के महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना देकर निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है। धरने में शामिल कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने कहा कि गया में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है, लेकिन बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों का जीवन और अधिक कठिन बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई-कई घंटे तक बिजली गायब रहती है, जिससे आमजन परेशान हैं।उन्होंने यह कहा कि फ्यूज उड़ना, ट्रांसफार्मर में खराबी और तारों में आग लगने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। सूचना देने के बावजूद विद्युत कर्मी समय पर नहीं पहुंचते और फोन कॉल का भी जवाब नहीं देते।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर विद्युत विभाग के कार्यालय में तालाबंदी भी की जाएगी।

वहीं, कांग्रेस नेत्री डॉ. देविका सरयार ने कहा कि इस भीषण गर्मी में 8 से 10 घंटे तक बिजली कटौती से मरीजों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि बिजली न रहने से पेयजल संकट भी उत्पन्न हो रहा है, जिससे आम जीवन प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि विभाग जल्द से जल्द निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित