गया , जून 15 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को घोषणा की कि गयाजी जिले के खिजरसराय में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जाएगा, जिसके लिए राज्य सरकार 40 एकड़ भूमि उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतन राम मांझी ने आज गया जिले के खिजरसराय में 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रौद्योगिकी केंद्र का संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। इस अवसर पर गया-इस्लामपुर-खिजरसराय मार्ग के 20वें किलोमीटर से देवगांव स्थित प्रौद्योगिकी केंद्र तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण परियोजना का भी शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में एमएसएमई के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जहां राज्य में ऐसे उद्यमों की संख्या लगभग छह लाख थी, वहीं अब यह बढ़कर 48 लाख से अधिक हो गई है। इससे एक करोड़ 87 लाख लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है।उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में बिजली, सड़क, हर घर नल का जल और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में व्यापक कार्य हुए हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार देश का ऐसा राज्य है जहां सबसे सस्ती और निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उपभोक्ताओं को 23 हजार करोड़ रुपये की बिजली सब्सिडी दे रही है और 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे गरीब परिवारों को लाभ मिलेगा और सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिन घरों में सौर ऊर्जा का उत्पादन होगा, उन्हें अतिरिक्त बिजली उत्पादन का भुगतान भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने श्री चौधरी ने कहा कि अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और जो अपराधी पुलिस को चुनौती देंगे, उन्हें 48 घंटे के भीतर जवाब मिलेगा।
श्री चौधरी ने कहा कि यदि किसी आवेदन का 30 दिनों के भीतर निपटारा नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उद्योग लगाने के लिए प्राप्त आवेदनों को भी समयबद्ध तरीके से मंजूरी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए व्यवस्था की है कि हर महीने की 10 तारीख को पेंशन राशि सीधे उनके खातों में पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि जीविका से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने फल्गु नदी को वर्षभर जलयुक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि इंद्रपुरी जलाशय, सोन नदी और बाण सागर समझौते से प्राप्त पानी को हर हाल में फल्गु नदी तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को समृद्ध बनाने के लिए उद्योग, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से काम किया जा रहा है तथा राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई,भारत सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम को केंद्रीय सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार, जिला के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, खेल एवं उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, विधायक रोनित कुमार, सचिव, एमएसएमई, भारत सरकार, भरत खेड़ा, विकास आयुक्त सह अपर सचिव रजनीश कुमार ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित