गयाजी, मई 21 -- बिहार में गयाजी जिले में गुरुआ प्रखंड स्थित ढिबरा गांव स्टेडियम परिसर में गुरुवार से 11 दिवसी महारुद्र महायज्ञ का भव्य शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ।

इस दौरान हाथी, घोड़े और ऊंटों के साथ निकली भव्य कलश यात्रा पूरे इलाके में आकर्षण का केंद्र बनी रही और पूरा माहौल श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति की झलक से परिपूर्ण दिखाई दिया।

आज सुबह बाबा बैजूधाम से हजारों महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा निकाली । यह यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए यज्ञ स्थल पहुंची, जहां वैदिक रीति-रिवाज एवं पूजा-अर्चना के साथ महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कलश यात्रा में शामिल गुरुआ विधायक उपेंद्र दांगी ने कहा कि यज्ञ समाज और वातावरण में शांति स्थापित करने का माध्यम है । उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में यज्ञ का विशेष महत्व रहा है और इसके जरिए विश्व कल्याण एवं सुख-शांति की कामना की जाती है। वर्तमान समय में दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध जैसे हालात हैं, ऐसे दौर में धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और रचनात्मक सोच पैदा करते हैं।

श्री दांगी ने बताया कि यह महायज्ञ लगातार 11 दिनों तक चलेगा. इस दौरान रामलीला, प्रवचन, कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा. अयोध्या और वृंदावन से साधु-संत, आचार्य एवं कलाकार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच रहे हैं ।

विधायक ने बताया कि इस यज्ञ के दौरान कई बड़े नेताओं के आगमन की संभावना है. उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री को भी आमंत्रण दिया गया है और और उनके संभावित आगमन की खबर से लोगों के बीच काफी उत्साह है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित