गयाजी, जून 13 -- केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने शनिवार को कहा कि बिहार को केंद्र से एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है, जिसके तहत खिजरसराय के पचलाख में 172 करोड़ रुपये की लागत से टेक्नोलॉजी सेंटर का भूमि पूजन किया जाएगा, जिसमें 84 करोड़ रुपये की लागत का एक अत्याधुनिक भवन भी होगा।

जिले के अतरी विधानसभा क्षेत्र के खिजरसराय स्थित एक निजी होटल में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की मौजूदगी में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन को लेकर भी विमर्श किया गया।

श्री मांझी ने इस दौरान कहा कि यह बिहार का दूसरा टेक्नोलॉजी सेंटर होगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले पटना के बिहटा स्थित एक्सटेंशन सेंटर को विकसित कर टेक्नोलॉजी सेंटर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पचलाख में बिहार सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई 20 एकड़ जमीन पर इस परियोजना का निर्माण होगा, जिसके बाउंड्री वॉल का कार्य पूरा हो चुका है और भूमि पूजन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

श्री मांझी ने तेजस्वी यादव के बिहार की वित्तीय स्थिति पर किए गए ट्वीट के पर कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि हर सरकार विकास के लिए ऋण लेती है और केंद्र व राज्य सरकार मिलकर बिहार को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इस दौरान अतरी विधायक रोमित कुमार ने कहा कि टेक्नोलॉजी सेंटर में प्रतिवर्ष 10 हजार छात्रों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा मिलेगी। उन्होंने इसे अतरी के विकास की पहली बड़ी सीढ़ी बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित