चंडीगढ़ , अगस्त 22 -- ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) की हालिया प्रॉपर्टी नीलामी को निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिला है। अथॉरिटी ने 27 प्रॉपर्टियों की सफल नीलामी से 5,391 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।
मकान निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि प्रॉपर्टी हासिल करने केलिए बोलीदाताओं के बीच हुए कड़े मुकाबले के कारण 20 अगस्त को समाप्त होने वाली नीलामी 21 अगस्त की सुबह तक चली। यह नीलामी 20 जुलाई को शुरू हुई थी, जिसमें कुल 36 प्रॉपर्टियां बोली के लिए रखी गयी थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में गमाडा द्वारा समय-समय पर करायी गयी नीलामियों को निवेशकों का सकारात्मक समर्थन मिला है। बड़े निवेशकों द्वारा मोहाली में निकट भविष्य में अपने प्रोजेक्ट स्थापित किए जाने से शहर को राष्ट्रीय स्तर पर नयी पहचान मिलने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे।
श्री मुंडियां ने बताया कि नीलामी में रखी गयी प्रॉपर्टियों की कुल आरक्षित कीमत 3,872 करोड़ रुपये निर्धारित की गयी थी, जबकि इनकी नीलामी से अथॉरिटी को 5,391 करोड़ रुपये की आय हुई है।उन्होंने कहा कि नीलामी से प्राप्त यह राशि गमाडा के अधिकार क्षेत्र में आने वाले क्षेत्रों में नई अर्बन एस्टेट विकसित करने पर खर्च की जाएगी।
नीलाम की गयी प्रॉपर्टियों में मोहाली के विभिन्न सेक्टरों और परियोजनाओं में स्थित मिक्स्ड लैंड यूज, होटल, अस्पताल और वाणिज्यिक साइटें शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित