टिहरी , जून 10 -- उत्तराखंड के टिहरी में प्रतापनगर क्षेत्र के देवल गांव निवासी केतन लाल का बुधवार को कोटी कॉलोनी में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी अंतिम संस्कार में शामिल हुए और दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान पुलिस प्रशासन ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह के नेतृत्व में पहुंचे अधिकारियों ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच कर दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
अंतिम संस्कार में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, आयोग की सदस्य सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश राणा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत तथा भाजपा नेता डॉ. प्रमोद उनियाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मृतक के पिता धनपाल लाल से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
गौरतलब है कि केतन लाल को गत रविवार रात उसकी महिला मित्र ने फोन कर मिलने के लिए अपने घर बुलाया था। मृतक के परिजनों का आरोप है कि महिला मित्र के परिजनों ने केतन को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित