कोल्हापुर , अक्टूबर 13 -- चीनी के ऊंचे दामों और गन्ना किसानों के लिए वित्तीय सहायता की मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्रियों प्रल्हाद जोशी और शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई वार्ता के नतीजों से नाखुश स्वाभिमानी शेतकारी संगठन ने महाराष्ट्र और कर्नाटक के किसान संगठनों के साथ मिलकर मंगलवार को पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोगनौली टोल प्लाजा पर 'चक्का जाम' प्रदर्शन किया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद राजू शेट्टी के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों और स्वाभिमानी शेतकारी संगठन के कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा पर स्थित कोगनौली चेकपॉइंट पर एकत्र होकर राजमार्ग पर धरना दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
इस नाकेबंदी के परिणामस्वरूप अंतरराज्यीय सीमा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र और कर्नाटक दोनों राज्यों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जबकि भीड़भाड़ और जाम को कम करने के लिए यातायात को वैकल्पिक मार्गों से भेजा गया।
यह आंदोलन सोमवार को नयी दिल्ली में श्री शेट्टी ,अन्य किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों सर्वश्री जोशी एवं चौहान के बीच हुई बैठक के बाद शुरू हुआ है। दोनों पक्षों के बीच हुई यह बातचीत किसी अनुकूल नतीजे तक पहुंचने में विफल रही, जिसके बाद किसान संगठनों ने अपने विरोध को तेज करने का फैसला किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित