पटना, जून 20 -- ाज्य में नई चीनी मिलों की स्थापना को देखते हुए बिहार सरकार ने गन्ना की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गन्ना विस्तार अभियान चलाने का निर्णय लिया है। गन्ना उद्योग विभाग ने राज्य स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक गन्ना विस्तार अभियान समिति गठित किया है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत राज्य में नई चीनी मिलों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है।
बताया जाता है कि वर्तमान में गन्ना का क्षेत्र मुख्य रूप से चीनी मिल क्षेत्र तक ही सीमित है। नये चीनी मिल की स्थापना के लिए प्रत्येक मिल हेतु लगभग 30 हजार एकड़ में गन्ना की खेती की आवश्यकता होगी, जबकि वर्तमान में गन्ना का रकबा बहुत कम है। इसको लेकर नई चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ना की खेती को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाने की आवश्यकता है, जिससे समय-बद्ध रूप से नई चीनी मिलों को पर्याप्त मात्रा में गन्ना की आपूर्ति हो सके। इसको देखते हुए राज्य सरकार ने गन्ना उद्योग विभाग के सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय अभियान समिति गठित किया है, जिसमें ईख आयुक्त को सदस्य सचिव तथा सदस्य के रूप में निबंधक सहयोग समितियां, कृषि निदेशक, बिहार, निदेशक, गन्ना अनुसंधान संस्थान्, पूसा सहित अन्य को शामिल किया गया है। इसी प्रकार जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय, प्रखंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय अभियान समिति और पंचायत स्तर पर कृषि समन्वयक के नेतृत्व में पंचायत अभियान समिति का गठन किया गया है। उक्त समितियां गन्ना विस्तार के लिए अभियान चलाएगी और उसकी समीक्षा करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित