शामली , अक्टूबर 13 -- भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने किसानों के बकाया गन्ना भुगतान, गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति कुंतल करने और बिजली बिलों में गड़बड़ी सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। भाकियू ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

भाकियू के जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने धरना शुरू कर जिलाधिकारी से किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्रवाई करने की मांग की। आशीष चौधरी ने कहा कि किसानों को लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। थानाभवन शुगर मिल से गन्ने का भुगतान समय पर नहीं होने के कारण किसानों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे खेती की लागत, घरेलू खर्च और अन्य जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करना मुश्किल हो रहा है।

उन्होंने गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति कुंतल करने की मांग की। भाकियू ने किसानों के बिजली बिलों की जांच कराने, गलत तरीके से बढ़ाए गए बिलों को संशोधित करने और बिजली बिलों से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने की भी मांग उठाई।

किसान नेताओं ने आवारा पशुओं पर अंकुश लगाने तथा रबी की फसल को देखते हुए यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने तक धरना जारी रखा जाएगा।

धरने की अध्यक्षता सरदार हरदीप सिंह ने की, जबकि संचालन विदेश मलिक ने किया। इस दौरान जावेद तोमर, मा. जाहिद, कुलदीप पंवार, अमरपाल बालियान, मुकम्मिल पहलवान, विकास चौधरी, सुधीर चौधरी, प्रभात मलिक, गौतम पंवार, रिषिपाल लंबरदार, सरदार तरसेम सिंह, दीपक शर्मा, विनय राठी और बिल्लू राणा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित