पटना , मई 16 -- बिहार के किसानों को अब ऐप के माध्यम से गन्ना खेती की जानकारी मिलेगी।

गन्ना उद्योग विभाग ने ईख मित्र नाम से एक ऐप बनाया है। किसान अपने मोबाइल फोन पर इसे डाउनलोड कर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने सात निश्चय-3 के तहत बिहार में बंद पड़ी चीनी मिलों का पुनरुद्धार कराने के साथ ही 25 नई चीनी मिलों को स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। राज्य में गन्ना की खेती का विस्तार कराने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई है।

राज्य सरकार के निर्देश पर गन्ना उद्योग विभाग ने गन्ना किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने के लिए ईख मित्र ऐप बनाया है, जिससे किसान गन्ना खेती की पूरी जानकारी इसके माध्यम से प्राप्त कर सकें।

गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार ईख मित्र ऐप से किसानों को गन्ना की खेती के बारे जानकारी मिलेगी और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान भी हो जाएगा। इस ऐप से किसान घर बैठे नई तकनीक, वैज्ञानिक सलाह, कीट एवं रोग प्रबंधन, मिट्टी परीक्षण एवं पोषण सिफारिशें और गन्ना उत्पादन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित